बिलासपुर: ग्रामीण इलाकों में दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह का मास्टर गांव में जूते की दुकान चलाता है। वहीं, दूसरा आरोपित एक निजी स्कूल में प्रिंसिपल था। एसीसीयू बिलासपुर और कोटा पुलिस की संयुक्त टीम ने कोरबा जिले में दबिश देकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और चोरी की रकम से खरीदे गए वाहन समेत करीब 19.81 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
आरोपितों से बिलासपुर जिले के नौ और कोरबा जिले के एक मामले का राजफाश हुआ है। एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से कोटा, रतनपुर, बिल्हा और बेलगहना चौकी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं हो रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआइजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित की गई।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



