सरकार की कैबिनेट बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा और महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। इस प्रस्ताव में जनसेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, किसानों के हित, महिलाओं के सशक्तीकरण और देश के विकास में उनके नेतृत्व की भूमिका का उल्लेख किया गया।सरकार ने छत्तीसगढ़ में केंद्र की योजनाओं से हुए लाभों का भी ब्योरा सामने रखा। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसानों को आर्थिक सहायता, सड़क और रेल नेटवर्क के विस्तार तथा जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। इसके साथ ही बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया गया।
कैबिनेट ने पूर्व अग्निवीरों के लिए गृह विभाग में आरक्षक के 36 पदों पर उपलब्ध रिक्तियों के विरुद्ध भर्ती की अनुमति दे दी है। इन पदों पर पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत श्रेणीवार आरक्षण का प्रावधान पहले ही किया जा चुका है। इस फैसले का उद्देश्य सेना में प्रशिक्षण और अनुभव प्राप्त कर चुके युवाओं की दक्षता का लाभ राज्य की सेवाओं में लेना है।
इसके अलावा, कैबिनेट ने आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलकर जनजातीय कार्य विभाग करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।कुल मिलाकर, इस कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर अभिनंदन प्रस्ताव के साथ रोजगार और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अब इन फैसलों के क्रियान्वयन पर नजर रहेगी।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



