द जागरण टाइम्स, अयोध्या 8 अक्टूबर। : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य तथा उडुपी (कर्नाटक) स्थित प्रसिद्ध पेजावर मठ के प्रमुख श्री श्री विश्वप्रसन्ना तीर्थ स्वामी जी महाराज ने आज प्रातः श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के भव्य दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उनके साथ लिंगायत समाज के धर्मगुरु एवं वाराणसी पीठ के शंकराचार्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सचिव जगदीश आफले ने जानकारी देते हुए बताया कि पूज्य महाराज जी ने मंदिर परिसर में स्थापित प्रभु श्रीरामलला के साथ-साथ परिसर में प्रतिष्ठित सभी देवी-देवताओं के दर्शन-पूजन किए और देश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।दर्शन के पश्चात महाराज जी मंदिर परिसर स्थित भव्य यज्ञशाला पहुंचे, जहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित विशेष हवन-पूजन एवं आहुति कार्यक्रम में पूरी निष्ठा के साथ सहभागिता की।
इस धार्मिक अनुष्ठान में बेंगलुरु से पधारे मुनिराज राजू सहित लगभग 111 गणमान्य एवं श्रद्धालुजनों ने एक साथ बैठकर हवन-पूजन संपन्न किया।तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से यज्ञशाला की समस्त व्यवस्थाओं, सुरक्षा एवं अतिथियों के सत्कार का दायित्व शैलेंद्र शुक्ल ने कुशलतापूर्वक संभाला। स्वामी जी के आगमन से संपूर्ण मंदिर परिसर का वातावरण अत्यंत भक्तिमय एवं दिव्य हो उठा।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



