कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल व नपा अध्यक्ष सोनी विकास झा ने हितग्राहियों को योजनाओं की दी जानकारी,

द जागरण टाइम्स, कोरबा/बांकीमोंगरा, 5 अक्टूबर। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा कार्यालय परिसर में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां आम नागरिकों और हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनके आवेदन प्राप्त किए गए और कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने की। शिविर में राजस्व, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, प्रधानमंत्री आवास, जल विभाग, जन्म-मृत्यु पंजीयन, राशन कार्ड, आधार पंजीयन, पीएम सूर्य घर, उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे।कई योजनाओं का मिला लाभशिविर के दौरान नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। राशन कार्ड, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़े हितग्राहियों को लाभ एवं आवश्यक दस्तावेज वितरित किए गए। बड़ी संख्या में नगरवासी शिविर में पहुंचे और अपनी समस्याओं के समाधान के साथ शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन किया।
लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत : विधायक
मुख्य अतिथि विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं को सीधे आम जनता तक पहुंचाना है। अलग-अलग विभागों के लिए नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे योजनाओं का लाभ : सोनी झा
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि सेवा सेतु शिविर आम नागरिकों के लिए उपयोगी पहल है। एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों को काफी सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का प्रयास है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी और सरल तरीके से पहुंचे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पात्र योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विभाग से संपर्क करें।शिविर में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ज्योत्सना टोप्पो, भाजयुमो के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अश्वनी मिश्रा, पार्षद प्रमोद सोना, पार्षद दिलीप दास, एल्डरमैन जितेन्द्र सिंह, निराकार नाहक एवं देव यादव सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



