
द जागरण टाइम्स, छत्तीसगढ़ कोरबा/पौड़ी उपरोड़ा 3 अक्टूबर 2026। आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजना का कोरबा जिले के कुछ हिस्सों में बुरा हाल है। इसीलिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के मामले में 110 लाभार्थियों को नोटिस दिए गए हैं। स्वीकृत आवासों के निर्माण में अपेक्षित प्रगति लाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत पौड़ी उपरोड़ा द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के लिए जनपद क्षेत्र की सर्वाधिक लंबित आवास संख्या वाली ग्राम पंचायत लेपरा का चयन किया गया।अभियान के तहत जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अशिकारी खगेश निर्मलकर व उनकी पूरी टीम ने ग्राम पंचायत के सभी वार्डों और मोहल्लों में अलग-अलग दल बनाकर हितग्राहियों के घर पहुंचकर उनसे प्रत्यक्ष मुलाकात की। इस दौरान स्वीकृत आवासों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेने के साथ निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं के बारे में भी जानकारी जुटाई गई।
अभियान के दौरान कुल 110 हितग्राहियों को नोटिस जारी किए गए। जिन हितग्राहियों ने आवास निर्माण शुरू नहीं किया है या जिनके निर्माण कार्य की प्रगति बेहद धीमी है, उन्हें तत्काल कार्य प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। हितग्राहियों को उनकी स्थिति के अनुसार पीला नोटिस तथा अंतिम चेतावनी के रूप में लाल नोटिस प्रदान किया गया।इस अभियान में जनपद पंचायत का पूरा स्टाफ, एनआरएलएम की टीम, आवास टीम, एसबीएम समन्वयक, संकाय सदस्य, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक सहित मैदानी अमला मौजूद रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हितग्राहियों से चर्चा कर आवास निर्माण में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों की जानकारी ली और आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया।
अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल नोटिस जारी करना नहीं, बल्कि प्रत्येक लंबित आवास की मैदानी स्तर पर निगरानी कर निर्माण कार्य को गति देना और पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द पक्का आवास उपलब्ध कराना है। जनपद पंचायत द्वारा आगामी दिनों में भी अधिक लंबित आवास वाली ग्राम पंचायतों में इसी तरह के विशेष निरीक्षण एवं हितग्राही संपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



