द जागरण टाइम्स। रायपुर: चक्रवात अर्नब के प्रभाव से पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में देर रात से ही मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बालोद, धमतरी, कबीरधाम, राजनांदगांव, बस्तर, महासमुंद और कांकेर जैसे जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
रायपुर शहर में भरा पानीलगातार हो रही इस मूसलाधार बारिश से राजधानी रायपुर के निचले इलाकों, मुख्य सड़कों और कॉलोनियों में पानी भर गया है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। रायपुर के आसपास के नदी-नाले उफान पर हैं और जिले के प्रमुख बांध लबालब भर चुके हैं। कैचमेंट एरिया में लगातार पानी आने की वजह से बांधों के गेट खोलकर जल निकासी की जा रही है, जिससे मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है।
लोगों को किया जा रहा रेस्क्यूसुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने कमर कस ली है। रायपुर, दुर्ग और आसपास के जलभराव वाले इलाकों से लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और जिला प्रशासन की टीमों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।
स्कूलों में छुट्टी की घोषणामौसम के बिगड़े मिजाज और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायपुर, दुर्ग और बालोद समेत कई जिलों में आज सभी सरकारी व निजी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। साथ ही त्रैमासिक परीक्षाएं भी रद्द हैं।
भारी बारिश का अलर्टमौसम केंद्र के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक रायपुर और उससे सटे जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें, जलभराव वाले अंडरपास और उफनते नालों या पुल-पुलियों को पार करने की कोशिश न करें।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



